मास्क की कार्रवाई में युवक का सिर फूटा, पुलिस पर लगाया आरोप
जूना सोमवारिया पर हुआ विवाद बगैर मास्क पहने घूम रहे लोगों पर की जा रही थी कार्रवाई
उज्जैन। Fir-04 Sep 2020
उज्जैन के जूना सोमवारिया क्षेत्र में बगैर मास्क पहने लोगों पर कार्रवाई के दौरान एक युवक और पुलिस के बीच विवाद हो गया। कार्रवाई के दौरान युवक का सिर फूट गया। युवक का आरोप था कि उसे उठाकर पुलिस वाहन में फेंका गया था। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद युवक को परिजनों ने जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया है।
लालबाई फूलबाई निवासी रवि पिता नंदकिशोर सोलंकी दानी गेट से एक्टिवा पर सवार होकर अपने घर जा रहा था। जूना सोमवारिया चौराहे पर जीवाजीगंज थाने के एसआई शांतिलाल मीणा और आरक्षक दीपांशु पिपलोदिया के साथ बगैर मास्क पहने लोगों पर कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान रवि चौराहे से गुजर रहा था। पुलिस अधिकारियों ने उसे रोका। पुलिस का कहना था कि रवि ने मास्क नहीं पहना और जब उसे रोका गया तो उसने विवाद शुरू कर दिया। जिसके चलते उसे पकड़कर पुलिस वाहन में डाला गया। इस दौरान उसका सिर वाहन से टकराने के कारण फुट गया। जिससे कार्रवाई स्थल पर काफी देर तक हंगामा हुआ।
चोट के कारण सिर में आए टांके
सिर में गंभीर चोट आने से रवि को उसके दोस्तों ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है। जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में टांके लगाए हैं। रवि और उसके परिजनों का आरोप है कि मास्क के नाम पर पुलिस जबरन गुंडागर्दी कर रही है। परिजन रवि को घायल अवस्था में एसपी कार्यालय भी लेकर पहुंचे थे। लेकिन वहां कोई अधिकारी नहीं मिलने के कारण वह उसे अस्पताल ले आए।
बहन ने लगाया आरोप
घटना के समय रवि सोलंकी की मुंहबोली बहन मेघा चंदेल अपने पिता को टिफन देकर घर जा रही थी। उसने यह विवाद देखा तो पुलिस और रवि को समझाने का प्रयास करने लगी। मेघा का आरोप है कि इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उसके साथ भी अभद्रता की। पुलिस की जबरन कार्रवाई और रवि को उठाकर वाहन के अंदर फेंकने के कारण ही उसके सिर में चोट आई है।
पुलिस ने आरोपों को नकारा
घटना के संबंध में जीवाजीगंज थाने के एसआई शांतिलाल मीणा का कहना था कि। युवक ने मास्क नहीं पहना था। जिसके कारण उसे रोका गया था। वह पुलिस कर्मियों से अभद्रता कर रहा था। उसे समझाइश भी दी गई थी। लेकिन वह नहीं मान रहा था। उसे अस्थाई जेल भेजने के लिए वाहन में बैठने को कहा गया। जब वह वाहन में बैठ रहा था तो उसका पैर फिसला और वह टकरा गया। जिससे उसके सिर में चोट आई है। उक्त घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है।
पढ़ते रहे thetadkanews.com देखें खबरे हमारे यूट्यूब चैनल The Tadka News पर जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश, बॉलीवुड की खबरों की अपडेट Whats app ग्रुप और Telegram ग्रुप पर पाए, लेटेस्ट टेक्नोलॉजी, सरकारी योजनाएं, सरकारी नौकरी का अलर्ट हमारे, जुड़िये हमारे फेसबुक Tadka News पेज से…