पति को फाँसी पर लटका देख पत्नी ने जहर खाकर की आत्महत्या
खेत पर बने मकान में रहते थे दोनों, पारिवारिक विवाद की शंका
-
एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
-
पिता को फोन कर दी सूचना
-
कायथा थाना क्षेत्र का मामला
-
जांच में जुटी पुलिस
उज्जैन। Sat-19 Dec 2020
उज्जैन के कायथा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आसेर मैं शुक्रवार शाम को खेत में रहने वाले दंपत्ति ने आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। शनिवार को पीएम के बाद दोनों के शवों का एक साथ गांव के श्मशान में अंतिम संस्कार किया गया। प्रारंभिक रूप से पुलिस को मामला पारिवारिक विवाद का लग रहा है।
शुक्रवार शाम को कायथा के ग्राम आशिर में रहने वाले जितेंद्र पिता मनोहर सिंह सिसोदिया 32 साल ने खेत में बने घर में रोशनदान से फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। पत्नी सुनीता 26 साल ने जब उसे फंदे पर लटका हुआ देखा तो उसने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। उनके घर जब दूधवाला पहुंचा तो उसने दोनों को देखा और गांव वालों को सूचना दी। मौके पर पहुंची कायथा पुलिस ने सुनीता को इलाज के लिए एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
पिता को फोन लगा कर दी जानकारी
पुलिस ने बताया कि पति जितेंद्र को फंदे पर लटका देख सुनीता ने देवास जिले के ग्राम नवेरी में रहने वाले पिता को फोन लगाकर इसकी जानकारी दी थी। पिता ने ही कायथा थाना में सूचना दी। लेकिन पति को फंदे पर लटका देख पत्नी ने भी जहर खा लिया था। पुलिस और परिजन जब तक मौके पर पहुंचे तब तक काफी देर हो चुकी थी। सुनीता की हालत काफी बिगड़ गई थी जिसके चलते उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों के परिजन मौके पर पहुंच गए थे।
6 साल पहले हुआ था विवाह
जितेंद्र और सुनीता का विवाह 6 साल पहले हुआ था। दोनों परिवारों के बीच पूर्व में एक मामले को लेकर विवाद भी हुआ था। परंतु उक्त विवाद का न्यायालय में समझौता हो गया था। दोनों की आत्महत्या के संबंध में पुलिस का कहना है कि संभवतः पारिवारिक विवाद के बाद पहले पति ने और उसके बाद पत्नी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। शनिवार को पीएम के पश्चात दोनों का गांव में स्थित श्मशान में एक साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पहले पति ने लगाई फांसी
सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस बल पहुंच गया था। पहले पति ने फांसी लगाई जिसे देखकर पत्नी ने जहर खा लिया। संभवतः पारिवारिक विवाद के बाद दोनों ने आत्महत्या की है। मामले को जांच में लिया गया है।
प्रदीप सिंह राजपूत, कायथा थाना प्रभारी
पढ़ते रहे thetadkanews.com देखें खबरे हमारे यूट्यूब चैनल The Tadka News पर जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश, बॉलीवुड की खबरों की अपडेट Whats app ग्रुप और Telegram ग्रुप पर पाए, लेटेस्ट टेक्नोलॉजी, सरकारी योजनाएं, सरकारी नौकरी का अलर्ट हमारे, जुड़िये हमारे फेसबुक Tadka News पेज से…